60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियानः ग्राम हातोद में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 51 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवाइयां की गईं वितरित
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार ग्रासरूट स्तर पर आयोजित किए जा रहे 60 दिवसीय मेगा ड्राइव जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को ग्राम हातोद में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
मेगा ड्राइव अभियान के अंतर्गत चिह्नित ग्राम हातोद में आयोजित इस शिविर में डॉक्टरों की टीम द्वारा उपस्थित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत सभी जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर के दौरान लगभग 51 ग्रामीणों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर इस चिकित्सीय सुविधा का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान उपस्थित चिकित्सीय दल द्वारा ग्रामीणों को एचआईवी/एड्स बीमारी के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। डॉक्टरों ने ग्रामीणों को बताया कि एड्स के क्या-क्या कारण हैं और किस प्रकार से सही जानकारी तथा सावधानियां बरतकर इस गंभीर बीमारी से अपना व परिवार का बचाव किया जा सकता है।
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सीय टीम के सदस्य डॉ. मोनिका मंगल, लैब टेक्नीशियन श्री अशोक प्रजापति, श्री शिवा राजे, नर्सिंग ऑफिसर श्री हृदेश सेंगर, सीएचओ रूबीना खान, एएनएम श्रीमती मिथलेश पवैया, पंचायत सचिव श्री वीर सिंह गुर्जर, रोजगार सहायक श्री मिलटी सिंह आदिवासी, पैरालीगल वॉलंटियर तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#SHIVPURI
32 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026