जालौन में वांछित आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, कोबरा सिपाही सौरभ पटेल को बंधक बनाकर पीटा,चार आरोपियों पर कार्रवाई
सिरसाकलार थाना क्षेत्र की घटना, आरक्षी सौरभ पटेल और रिंकू यादव जांच के दौरान पहुंचे थे; मजीद खां, सफीक, अकबरी और सलमान पर हमला करने का आरोप
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
सिरसाकलार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले की गंभीर घटना सामने आई है। एनसीआर के एक मामले की जांच के दौरान वांछित आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों और उनके परिजनों ने हमला कर दिया। घटना में कोबरा सिपाही सौरभ पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद आरक्षी रिंकू यादव किसी तरह मौके से निकलकर थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, घायल सिपाही को सुरक्षित बाहर निकाला और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, श्रीमती अजमेरन ने अपने पति मजीद खां, सास अकबरी, देवर सफीक तथा एक रिश्तेदार सलमान के विरुद्ध थाना सिरसाकलार में अभियोग दर्ज कराया था। इसी मामले की जांच के लिए थाना सिरसाकलार में तैनात आरक्षी सौरभ पटेल और रिंकू यादव आरोपियों के घर पहुंचे थे। आरोप है कि जांच के दौरान मजीद खां, सफीक, अकबरी और सलमान ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। वहीं, घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी जालौन ने भी बयान जारी कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने की पुष्टि की है।
घटना के दौरान आरोप है कि घर के भीतर मौजूद महिलाओं ने दरवाजा बंद कर दिया, जिसके बाद मजीद खां, उसके भाइयों रफीक और सफीक ने आरक्षी सौरभ पटेल पर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। सौरभ पटेल को करीब 20 मिनट तक घर के अंदर बंधक बनाकर मारपीट की गई। वहीं, दूसरे आरक्षी रिंकू यादव किसी तरह घर की छत से कूदकर अपनी जान बचाते हुए थाने पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सिरसाकलार थाना पुलिस और अन्य पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घर को घेरकर घायल आरक्षी सौरभ पटेल को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मौके से मजीद खां, सफीक, अकबरी और सलमान को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना में रफीक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घायल आरक्षी सौरभ पटेल ने बताया कि यदि समय पर पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंचता तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। उनके शरीर पर कई चोटें आई हैं और उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस कर्मियों पर हमला, बंधक बनाने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े पुलिस टीम पर हुए इस हमले ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
#orai #jalaun #jalaunnews #spjalaun #जालौन #jalaunpolice #uppolice #सिरसाकलार
Orai, Jalaun | Jul 6, 2026