थाना सिरसा कलार पुलिस टीम के कोबरा सिपाही को बंधक बनाकर पीटने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
सिरसाकलार (जालौन)। जनपद के सिरसाकलार थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एनसीआर के एक मामले की जांच के दौरान वांछित आरोपी को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों और उनके परिजनों ने हमला कर दिया। हमले में कोबरा सिपाही सौरभ पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद आरक्षी रिंकू यादव किसी तरह जान बचाकर मौके से निकलकर थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल सिपाही को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, श्रीमती अजमेरन द्वारा अपने पति मजीद खां, सास अकबरी, देवर सफीक तथा रिश्तेदार सलमान के विरुद्ध थाना सिरसाकलार में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले की जांच के लिए आरक्षी सौरभ पटेल और रिंकू यादव आरोपियों के घर पहुंचे थे। आरोप है कि जांच के दौरान मजीद खां, सफीक, अकबरी और सलमान ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया।
आरोप है कि घर के भीतर मौजूद महिलाओं ने दरवाजा बंद कर दिया, जिसके बाद आरोपियों ने आरक्षी सौरभ पटेल को घर के अंदर करीब 20 मिनट तक बंधक बनाकर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से बेरहमी से पीटा। वहीं आरक्षी रिंकू यादव किसी तरह छत से कूदकर अपनी जान बचाते हुए थाने पहुंचे और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिरसाकलार थाना पुलिस और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घर को घेरकर घायल आरक्षी को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मौके से मजीद खां, सफीक, अकबरी और सलमान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में रफीक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घायल आरक्षी सौरभ पटेल ने बताया कि यदि समय पर पुलिस बल मौके पर नहीं पहुंचता तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों पर हमला, बंधक बनाने समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी जालौन ने बताया कि पुलिस टीम पर हमले के मामले में चार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#UPPolice #jalaunpolice #boldobharat
Orai, Jalaun | Jul 6, 2026