आज दिनांक 23.09.2026 को उप विकास आयुक्त, रोहतास सुश्री आकांक्षा आनंद की अध्यक्षता में बिक्रमगंज प्रखंड का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रखंड कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में घुसियाखुर्द ग्राम पंचायत स्थित बायोगैस प्लांट का भ्रमण करने के बाद प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, VB-GRAMG, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।
उप विकास आयुक्त ने कार्यालय अभिलेखों के समुचित संधारण, कर्मियों एवं पदाधिकारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए आमजन को सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अधिक से अधिक लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के लिए ग्राम सभा, सहयोग शिविर, पंचायत विकास दिवस एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने, भूमि बंदोबस्त से संबंधित लाभार्थियों को दखल-कब्जा दिलाने तथा भूमिहीन लाभार्थियों को भूमि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत महादलित टोलों में चिह्नित परिवारों को शौचालय निर्माण हेतु जीविका के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने तथा लंबित सामुदायिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान 13 केंद्रों के लिए भूमि का अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त होने की जानकारी दी गई। संबंधित केंद्रों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा जर्जर भवनों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। जहां भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों का संबंधित विभागों के समन्वय से सफल आयोजन कराने तथा कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी का समुचित संधारण करने का निर्देश दिया गया। घुसियाखुर्द उच्च विद्यालय से बायोगैस प्लांट तक लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने हेतु संबंधित अभियंता को निर्देशित किया गया।
उप विकास आयुक्त द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र का भी भ्रमण किया गया, जहां वैज्ञानिक विधि से कृषि कार्य, पशुपालन, बकरी पालन, हेचरी, धान की खेती एवं ड्रैगन फ्रूट की खेती का अवलोकन किया गया।
VB-GRAMG योजना की समीक्षा में 144 यूनिट पौधारोपण के लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 80 यूनिट कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत निर्धारित पांच सोख्ता निर्माण का कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। वर्ष 2025-26 की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 में मानव दिवस सृजन में 15 प्रतिशत वृद्धि के लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा गया।
भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत नोनहर के नोनहर गांव स्थित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया गया। VB-GRAMG के तहत पौधारोपण किया गया तथा ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए ग्रामीणों के साथ स्वच्छता संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।
#IPRD
#BiharGovernment
#PublicService
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 23, 2026