दिनांक-21.09.2026
जिला जन-संपर्क कार्यालय, शिवहर।
जिला पदाधिकारी, शिवहर की अध्यक्षता में सोमवार को समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) कार्यों की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले माह दिए गए निर्देशों के अनुपालन सहित 18 विभिन्न विभागीय बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विभागीय कार्यों में सुस्ती और लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त कदम उठाए हैं।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय और निर्देश निम्न प्रकार हैं:
1. एफआरएस (FRS) और आभा (ABHA) आईडी निर्माण में लापरवाही पर कार्रवाई: पोषाहार वितरण वाले लाभुकों के एफआरएस में कम उपलब्धि वाले सेक्टर की महिला पर्यवेक्षिकाओं से कारण पृच्छा (शो-कॉज) करने का निर्देश दिया गया है। सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को दो दिनों के भीतर अपने-अपने सेक्टर में एफआरएस से वंचित लाभुकों की सूची कारण सहित उपलब्ध कराने का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके अतिरिक्त, 87% से कम आभा (ABHA) आईडी बनाने वाले सेक्टर की महिला पर्यवेक्षिकाओं से भी स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
2. पोषण माह 2026 की एंट्री पर डीएम ने जताया रोष: पोषण माह गतिविधियों की एंट्री में जिले को राज्य में 22वां स्थान मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। समीक्षा में पाया गया कि डुमरी कटसरी परियोजना को छोड़कर अन्य सभी परियोजनाओं में गतिविधि एंट्री 90% से कम है। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि प्रतिदिन कम एंट्री करने वाले सेक्टर की महिला पर्यवेक्षिका और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) को जिला मुख्यालय में बैठाकर गतिविधि एंट्री का कार्य पूरा कराया जाए।
3. तरियानी में सीबीई (CBE) आयोजन में कोताही: समीक्षा के क्रम में पाया गया कि तरियानी परियोजना के 17 आंगनवाड़ी केंद्रों पर सामुदायिक आधारित गतिविधि (CBE) का आयोजन नहीं किया गया है। संबंधित सीडीपीओ को तत्काल प्रभाव से सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर सीबीई का आयोजन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, बच्चों की वृद्धि व नाटापन/अल्पवजन निगरानी, स्कूल पूर्व शिक्षा वाले बच्चों का अपार (APAAR) आईडी निर्माण, आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति एवं गर्म पका भोजन (HCM) वितरण, आंगन ऐप द्वारा निरीक्षण, सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र, आंगनवाड़ी-सह-क्रेच संचालन, कायाकल्प और पेंशन/सेवांत लाभ के लंबित मामलों पर विस्तृत समीक्षा कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Sheohar, Bihar | Sep 21, 2026