जिला जन-संपर्क कार्यालय, शिवहर
दिनांक : 19.09.2026
सेवा संकल्प एवं कायाकल्प कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन एवं चयनित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से श्रीमति प्रतिभा रानी, जिला पदाधिकारी, शिवहर की अध्यक्षता में प्रखंडवार चयनित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले के सभी प्रखंडों के प्रत्येक पंचायतों से सेवा संकल्प एवं कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत बाल विकास परियोजना अंतर्गत आँगनवाड़ी केंद्र के जीर्णोद्धार एवं नव-निर्माण, स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर भवन का जीर्णोद्धार, शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यालयों का जीर्णोद्धार, चाहरदिवारी निर्माण, नए कक्षा का निर्माण आदि से संबंधित चयनित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की एक-एक कर समीक्षा की गई। संबंधित प्रखंड एवं विभागीय पदाधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान भौतिक स्थिति एवं किस योजना मद से इसका निर्माण किया जाना है, के संबंध में बारिकी से अवलोकन किया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प' कार्यक्रम से संबंधित सभी योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। परिसम्पत्तियों का रंग रोग़न, बुनियादी मरम्मती का कार्य दीपावली से पूर्व कर लेने का निदेश दिया गया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित स्थलों का नियमित स्थल निरीक्षण सुनिश्चित करें तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखें। कार्य केवल कागजी रूप से पूर्ण नहीं हो, बल्कि धरातल पर उसका स्पष्ट एवं सकारात्मक परिवर्तन दिखाई देना चाहिए। प्रत्येक योजना का उद्देश्य आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं सेवा केंद्रों का वास्तविक कायाकल्प सुनिश्चित करना होना चाहिए।
समीक्षा के दौरान विशेष रूप से निम्न बिंदुओं पर जोर दिया गया—
1. विभागीय निदेश के आलोक में प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ त्रुटि रहित चयन ।
2. चयनित योजनाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करना।
3. कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना।
4. निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करना।
5. संबंधित पदाधिकारियों द्वारा नियमित स्थल निरीक्षण करना।
6. कार्य प्रारंभ होने से पूर्व एवं कार्य पूर्ण होने के बाद की फोटोग्राफी/दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करना। दस्तावेजीकरण में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
7. संबंधित विभागों एवं प्रखंड प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य को पूर्ण करना।
8. योजनाओं के क्रियान्वयन में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं जन-सुविधाओं को विशेष प्राथमिकता देना।
9. पूर्ण योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराना तथा उनकी उपयोगिता सुनिश्चित करना।
10. प्रत्येक योजना की प्रगति से जिला स्तर पर नियमित रूप से अवगत कराना।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि 'सेवा संकल्प एवं कायाकल्प' कार्यक्रम केवल निर्माण अथवा जीर्णोद्धार तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सरकारी संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों को बेहतर, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से कहा कि योजनाओं के चयन से लेकर उनके क्रियान्वयन एवं पूर्णता तक प्रत्येक स्तर पर व्यक्तिगत रुचि लेते हुए कार्य करें। जहां कहीं भी स्थानीय स्तर पर समस्या उत्पन्न हो रही हो, उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार जिला स्तर से समन्वय स्थापित किया जाए।
साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने प्रखंड एवं विभाग अंतर्गत चयनित योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा कार्यों की प्रगति की सतत निगरानी रखें। निर्धारित समय-सीमा का अनुपालन नहीं करने अथवा कार्य में लापरवाही बरतने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा "सेवा संकल्प एवं कायाकल्प" कार्यक्रम के माध्यम से जिले में सरकारी संस्थानों, सार्वजनिक परिसंपत्तियों एवं जनोपयोगी स्थलों को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ, आकर्षक एवं नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करते हुए चयनित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्यक्रम का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।
15 views | Sheohar, Bihar | Sep 19, 2026