जिला महिला अस्पताल में हाईटेंशन तार टूटकर 108 एंबुलेंस कंट्रोल रूम पर गिरा, शॉर्ट सर्किट से लगी आग, बड़ा हादसा टला
जनपद जालौन के उरई स्थित जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर 108 एंबुलेंस कंट्रोल रूम की केबिन पर गिर गया। तेज धमाके के साथ शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। अस्पताल कर्मियों ने तत्काल अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार को अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर अस्पताल परिसर में स्थित 108 एंबुलेंस कंट्रोल रूम की केबिन पर आ गिरा। तार में करंट होने के कारण धमाके के साथ तेज चिंगारियां निकलीं और शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़क उठी। ये देखते ही वहां मौजूद मरीज, तीमारदार और कर्मचारी घबरा गए। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल कर्मियों ने तत्काल अस्पताल में मौजूद अग्निशामक यंत्रों का इस्तेमाल कर आग बुझानी शुरू कर दी। उनकी तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, जिससे आग अस्पताल की अन्य इमारतों तक नहीं फैल सकी। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर क्षतिग्रस्त हाईटेंशन लाइन का निरीक्षण शुरू किया। अस्पताल प्रशासन ने भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी संबंधित उच्चाधिकारियों को दी।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि घटना के बाद कुछ समय तक अस्पताल परिसर में दहशत का माहौल बना रहा। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही विद्युत लाइन की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा मानकों आदि की भी पड़ताल की जा रही है।
Orai, Jalaun | Jun 26, 2026