गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण एवं पशुधन संरक्षण का संदेश देता है – विधायक श्री गहलोत
राधा-कृष्ण गौशाला तनोड़िया में धूमधाम से मनाया गया गोवर्धन पर्व, विधायक श्री गहलोत एवं कलेक्टर डॉ. मीना ने किया गौ-पूजन
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेताओं को वितरित किए गए पुरस्कार राशि के चेक
आगर-मालवा जिले के तनोड़िया स्थित राधा-कृष्ण गौशाला में सोमवार को जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं पारंपरिक श्रद्धा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री माधव सिंह मधु गहलोत, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भैरू सिंह चौहान, जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र कुमार बोयत, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जितेंद्र सिंह, श्री प्रहलाद सिंह, श्री राहुल जैन एवं श्री महेश मित्तल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गो-भक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधि-विधान से गौ-पूजन एवं गोवर्धन पूजन कर किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने गौमाताओं को गुड़ के लड्डू एवं हरा चारा खिलाकर गौ-सेवा की तथा गौ-संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक श्री गहलोत ने कहा कि गौ-सेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण एवं गोवंश संरक्षण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति, पर्यावरण एवं पशुधन के संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश देता है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संकल्प है कि मध्यप्रदेश दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश में अग्रणी बने। इस दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। हम सभी का भी दायित्व है कि इस संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा क्षेत्र में 8 से 10 बड़ी गौशालाओं का निर्माण कराया जाएगा तथा निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए उन्हें गौशालाओं तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा गौशालाओं को प्रति गाय मिलने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये की गई है। साथ ही 10 गोवंश का पालन करने वाले पशुपालकों को उनके भरण-पोषण के लिए अनुदान उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपने घरों में कम से कम एक गाय का पालन करने का आह्वान किया।
विधायक श्री गहलोत ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से कृषि भूमि की उर्वरता प्रभावित हो रही है। इसका दुष्प्रभाव पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। इसलिए प्रत्येक किसान कम से कम एक बीघा भूमि में जैविक खेती अपनाने का संकल्प ले, ताकि प्राकृतिक खेती एवं गौ-आधारित कृषि को प्रोत्साहन मिल सके।
उन्होंने कहा कि आगर विधानसभा क्षेत्र निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मैक्केन जैसी बड़ी औद्योगिक परियोजना से जिले के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। औद्योगिक क्षेत्र में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया भी प्रगतिरत है। जिले के जो युवा स्वयं का उद्योग स्थापित करना चाहते हैं, वे ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण कर इसमें भाग ले सकते हैं।
सिंचाई परियोजनाओं की जानकारी देते हुए विधायक श्री गहलोत ने कहा कि हड़ाई डेम का निर्माण होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। चंबल-कालीसिंध परियोजना से भी क्षेत्र की जल समस्या के निराकरण में मदद मिलेगी। इसके साथ ही समाकोटा से पानी लाने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भैरू सिंह चौहान, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जितेंद्र सिंह एवं श्री प्रहलाद सिंह ने भी संबोधित किया। उन्होंने गोवंश संरक्षण, गौ-सेवा एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन के महत्व पर प्रकाश डाला।
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित गोपालकों को पुरस्कार राशि के चेक वितरित किए गए। इसमें श्री दीपक मंडावत को प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, श्री बाबूलाल यादव को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा श्री जितेंद्र सिंह को तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि के चेक प्रदान किए गए। अतिथियों ने विजेताओं को शाल, श्रीफल एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा पशुपालन एवं गोवंश संवर्धन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए बधाई दी।
उपसंचालक पशुपालन डॉ. महेश जारोलिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के उद्देश्यों, चयनित हितग्राहियों तथा शासन द्वारा प्रदान की जा रही पुरस्कार राशि की जानकारी दी। कार्यक्रम को जिला पंचायत सीईओ श्री बी.एस. सोलंकी ने भी संबोधित किया। उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए पशुपालकों से इसका लाभ लेने का आह्वान किया।
श्री राधा-कृष्ण गौशाला की संचालक समिति श्री नारायणी गौ सेवा समिति की ओर से श्री सर्वेश घोसले ने गौ-सेवा के क्षेत्र में समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा गौशाला में भूसा घर एवं टीन शेड का निर्माण कराया गया है। साथ ही उन्होंने गौशाला के आसपास की शासकीय भूमि गौशाला को हस्तांतरित करने, नवीन टीन शेड निर्माण एवं आरसीसी सड़क निर्माण की मांग रखी। इस पर विधायक श्री मधु गहलोत ने समिति को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रदेश स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम का बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के दौरान गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के लाभान्वित गोपालकों एवं प्रदेश की गौशालाओं के लिए अनुदान राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया तथा गोपालकों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद महाजन ने किया। इस अवसर पर गौशाला समिति के पदाधिकारी, पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय सरपंच एवं पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं गो-भक्त उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh
#agarmalwa
#आगरमालवा
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Nov 9, 2026