अतिवृष्टि प्रभावित 53 हजार किसानों को राहत दिलाने में जुटा प्रशासन
शासन से मिली 5 करोड़ की पहली किस्त, 6 हजार से अधिक किसानों का डाटा पोर्टल पर फीड
उरई (जालौन)। जनपद जालौन में सामान्य से अधिक बारिश और 25, 26 व 27 सितंबर को हुई भारी बारिश से करीब 34 हजार हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है। इससे लगभग 53 हजार किसान प्रभावित हुए हैं। जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में जिला प्रशासन राहत राशि जल्द से जल्द पात्र किसानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया तेज कर रहा है।
किसानों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने करीब 29 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था, जिसके सापेक्ष उत्तर प्रदेश सरकार से 5 करोड़ रुपये की पहली किस्त प्राप्त हो चुकी है। तहसीलों के माध्यम से अभिलेखों के सत्यापन के बाद अब तक 6 हजार से अधिक किसानों का डाटा पोर्टल पर फीड किया जा चुका है। जल्द ही इन किसानों को राहत राशि का वितरण शुरू किया जाएगा।
अतिवृष्टि से अन्य नुकसान के मामलों में भी प्रशासन ने कार्रवाई की है। दो पशुहानि के मामलों में 75 हजार रुपये की राहत दी गई है, जबकि 577 आंशिक क्षतिग्रस्त मकानों के प्रभावित परिवारों को 23 लाख रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।
वहीं, जनपद के करीब 59 हजार बीमित किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के लिए भी प्रक्रिया तेज की गई है। अब तक करीब 33 हजार किसानों का डाटा अपडेट और 22,304 किसानों का सर्वे पूरा हो चुका है। बीमा कंपनी को 7 अक्टूबर से क्षतिपूर्ति वितरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से फसल बीमा क्षतिपूर्ति के लिए हेल्पलाइन नंबर 14447 पर पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
डीएम समीर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि अतिवृष्टि से प्रभावित कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे। प्रशासन राहत वितरण, फसल क्षति सत्यापन और बीमा क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रहा है।
Orai, Jalaun | Oct 6, 2026