पटाखों के शोर से नहीं, हरियाली के संदेश से मनाएं दीपावली; रामगढ़ में स्कूली बच्चों ने निकाली जागरूकता रैली
रंगोली और नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति लोगों को किया जागरूक
रामगढ़। दीपावली के त्योहार पर पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त वातावरण का संदेश देने के लिए बुधवार को रामगढ़ कस्बे में निजी विद्यालय सेक्रेड हार्ट कन्वेंशन स्कूल के छात्र-छात्राओं ने ग्रीन दीपावली जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों से पटाखों से दूरी बनाकर पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की अपील की।
रैली का शुभारंभ भैरूजी मंदिर से हुआ। हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी तख्तियां लेकर स्कूली बच्चे कस्बे के मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील रंगमंच पहुंचे। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण बचाओ और ग्रीन दीपावली मनाओ के नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
तहसील रंगमंच पर विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली सजाई। इसके बाद नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पटाखों से निकलने वाले जहरीले धुएं, वायु प्रदूषण और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। बच्चों ने नाटक के जरिए समझाया कि पटाखों का धुआं न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि इससे लोगों के स्वास्थ्य और पशु-पक्षियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
विद्यालय की शिक्षिका मनीषा मोदी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दीपावली के त्योहार पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर कस्बे के लोगों को जागरूक करना है। बच्चों के माध्यम से समाज तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है कि दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी भाईचारे का त्योहार है। इसे पटाखों के बजाय दीप जलाकर और पर्यावरण को सुरक्षित रखकर मनाना चाहिए।
विद्यालय की इस पहल की कस्बे के लोगों ने सराहना की। रैली ने बच्चों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
Alwar, Alwar | Nov 4, 2026