रैन बसेरों में मिल रहा लोगों को चैन, नगर निगम ने ट्विनसिटी में की दो रैन बसेरों की व्यवस्था
बेघर व जरूरतमंद लोगों के लिए रैन बसेरों में है गर्म कंबल, गद्दे, पेयजल व अन्य व्यवस्थाएं
यमुनानगर।
बेसहारा, असहाय, बेघर और जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाने के लिए नगर निगम द्वारा शहर में जगाधरी बस स्टैंड व रेलवे रोड पर संत निरंकारी भवन के सामने रैन बसेरे तैयार किए गए हैं, ताकि कोई भी बेघर व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर न हो। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर दोनों रैन बसेरों में निगम द्वारा गर्म कंबल, गद्दों, पेयजल, शौचालयों व अन्य व्यवस्थाएं की गई है। दोनों रैन बसेरों को शाम छह बजे से खोल दिया जाता है। एक नवंबर से खोले गए दोनों रैन बसेरों में रोजाना लोग चैन की नींद ले रहे है।
ट्विनसिटी में भिखारी और बाबा किस्म के सौ के करीब लोग हैं। जो खुले आसमान के नीचे रहते है। सर्दी के मौसम में नगर निगम की ओर से इनके लिए जगाधरी बस स्टैंड, संत निरंकारी भवन के सामने रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। जल्द ही यमुनानगर बस स्टैंड के पास भी रैन बसेरे की व्यवस्था की जाएगी। इनमें लोगों के सोने के लिए गर्म कंबल, गद्दे बिस्तर, पेयजल और अन्य सामान उपलब्ध करवाया गया है। संत निरंकारी भवन के सामने सुलभ शौचालय के ऊपर बने स्थाई रैन बसेरे में 48 और जगाधरी बस स्टैंड में बने स्थाई रैन बसेरे में 48 लोगों के आराम व सोने की व्यवस्था की गई है। रैन बसेरों में महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग अलग सोने की व्यवस्था है। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि नगर निगम द्वारा असहाय, बेघर और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत दिलाने और उन्हें सुरक्षित, गर्म एवं सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने के लिए रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। रैन बसेरों में गर्म कंबल, गद्दों की सुविधा, स्वच्छ एवं सुरक्षित रहने का स्थान दिया गया है। दोनों रैन बसेरों में निगरानी और सहायता के लिए निगम कर्मचारियों की तैनाती की गई है। रैन बसेरों को रोजाना शाम छह बजे खोल दिया जाता है। यहां आने वाले हर व्यक्ति की एंट्री की जाती है। हमारा प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति ठंड में खुले आसमान के नीचे न सोए। आमजन से अपील है कि अगर आपके आस-पास कोई व्यक्ति खुले में ठंड में रात बिताता दिखाई दे, तो उसे नजदीकी रैन बसेरे की जानकारी दें या उसे रैन बसेरे में पहुंचाए या नगर निगम को सूचित करें।
--------------
टीएफआई ने निरीक्षण कर जानी लोगों की संतुष्टि -
नगर निगम के टीएफआई गोपाल बक्शी ने सोमवार रात को रैन बसेरों का निरीक्षण किया और वहां आराम कर रहे लोगों से बातचीत कर उनकी संतुष्टि जानी। उन्होंने गर्म कंबलों, बिस्तर, लाइट, पेयजल व्यवस्था आदि की जांच की। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में आने वाले लोगों को आराम करने के लिए सुविधा प्रदान करें। रैन बसेरों में आने वाले हर व्यक्ति की रजिस्टर में एंट्री की जाए। रैन बसेरों की रोजाना सफाई कराई जाए। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। इससे पहले यमुनानगर बस स्टैंड के पास बने रैन बसेरे को भी खोल दिया जाएगा। बेसहारा लोगों से अपील है कि वे ठंड के दौरान डिवाइडर व खुले में सोने की बजाय रैन बसेरों में आराम करें।
फोटो कैप्शन - रैन बसेरे का जायजा लेते नगर निगम के टीएफआई गोपाल बक्शी व अन्य।
रैन बसेरों में आराम करते लोग व ड्यूटी देते निगम कर्मी।