वर्षाकाल के दौरान घटना एवं दुर्घटनाओं से बचाव हेतु बरती जाये सावधानियां-कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह
बड़वानी 07 जुलाई 2026/वर्तमान में वर्षाकाल चल रहा है, इस दौरान जिले में किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना एवं दुर्घटना न हो इसके लिए निर्माण विभाग, पीएचई विभाग, विद्युत विभाग विशेष सावधानियां बरते। जिलें में कही भी जल भराव की स्थिति निर्मित न हो, नालों पर अतिक्रमण न होने दे, नालों की सफाई करवाये, पुल एवं पुलियाओं, रपटो पर संकेतक लगाये एवं आवश्यक हो तो बैरिकेट्स लगाये। अगर कही पर बड़े गड्ढे हो गये है तो सड़क निर्माण ऐजेंसी उन्हे तत्काल भरे जिससे कि जल भराव होने पर कोई घटना एवं दुर्घटना न हो।
कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह ने उक्त बाते सोमवार को कलेक्टर कार्यालय बड़वानी में आयोजित समय सीमा बैठक के दौरान कही। इस दौरान कलेक्टर श्रीमति सिंह ने पीएचई विभाग, नगरीय निकाय एवं जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे हेण्डपंप, कुएं एवं पेयजल स्त्रोतों पर अनिवार्य रूप से क्लोरिनेशन करे ताकि कोई भी जिलेवासी गंदा पानी पीने से बीमार न हो। बैठक के दौरान कलेक्टर ने आरसीएमएस पोर्टल, सीमांकन, गिरदावरी, जाति प्रमाण पत्र, फार्मर आईडी, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा की।
बैठक में दिये गये अन्य निर्देश
ऽ जिले के क्रियाशील शाला भवनों में रंगाई, पुताई, पंखे एवं प्रकाश की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाये।
ऽ जिले में हो रहे निर्माण कार्य में संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा गुणवत्तापूर्ण कार्य किया जाये। किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नही की जायेगी।
ऽ जिले में क्रियाशील पंचायत भवन, स्कूल, आंगनवाड़ी भवनो एवं शौचालय के कार्यो को शीघ्र पूर्ण किया जाये।
ऽ स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा फील्ड में एएनसी महिला एवं नवजात शिशु के स्वास्थ्य की नियमित मानीटरिंग की जाये। स्वास्थ्य विभाग का अमला अपनी कार्यशैली में सुधार कर ले, साथ ही अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करे।
ऽ वर्षाकाल में विद्युत विभाग भी विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखे। लोगो को इसके प्रति जागरूक करे।
Barwani, Madhya Pradesh | Jul 7, 2026