पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15, पंचकूला में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस
पंचकूला, 5 सितंबर: पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15, पंचकूला में आज शिक्षक दिवस बड़े ही उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर "सार्वभौमिक मानवीय मूल्य" विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. रविन्द्र कुमार, सहायक प्रोफेसर, बी.एड. कॉलेज, चंडीगढ़ ने छात्राओं को जीवनोपयोगी संदेश देते हुए मानवतावादी बनने, माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति आदर भाव तथा सहपाठियों के प्रति प्रेम और सहयोग की भावना रखने और विपरीत एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी सही व सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। जीवन में खुश रहना सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है।
विद्यालय के लेक्चरर जयबीर सिंह रंगा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि शिक्षक दिवस भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। यह दिन हमें जीवन में गुरु के महत्व की याद दिलाता है। शिक्षक वह दीपक है जो स्वयं जलकर हमारे भविष्य को रोशन करता है और हमें सही-गलत की पहचान कराकर एक आदर्श नागरिक बनने की राह दिखाता है। इस अवसर पर सावित्रीबाई फुले का शिक्षा के क्षेत्र में योगदान का उल्लेख भी किया गया।
विद्यालय की ओर से जयबीर सिंह रंगा ने डॉ. रविन्द्र कुमार एवं फिजिक्स वाला, पंचकूला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक शिक्षा भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर फिजिक्स वाला, पंचकूला की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं, छात्राओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई तथा संस्थान द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम बेरवाल ने अपने संदेश से सभी शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपनी पारिवारिक परिस्थितियों को साझा किया, जिन पर वक्ताओं द्वारा समाधान हेतु उपयोगी सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान सोनेलाल, सदस्य बुशरा एवं पूनम ने अपने निजी जीवन के अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर विद्यालय शिक्षकगण उपस्थित रहे और सभी ने कार्यक्रम की सराहना की।