पंचकूला में शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा ऐलान, अब उच्चतर व तकनीकी शिक्षा के शिक्षक भी होंगे सम्मानित
पंचकूला। शिक्षक दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा ऐलान किया है। आगामी शैक्षणिक सत्र से उच्चतर शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और प्रौद्योगिकी शिक्षा से जुड़े शिक्षकों को भी राज्य शिक्षक पुरस्कार दिया जाएगा। अभी तक यह पुरस्कार मुख्य रूप से विद्यालय शिक्षा से जुड़े शिक्षकों को दिया जाता था।
पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी शिक्षकों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। समारोह में राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष, उनकी धर्मपत्नी मित्रा घोष और शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा भी मौजूद रहे।
79 शिक्षकों को मिला राज्य शिक्षक पुरस्कार
समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 79 शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकों को शॉल, मेडल और प्रमाण पत्र के साथ एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि तथा दो अग्रिम वेतन वृद्धि प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को जानकारी देने का काम नहीं करते, बल्कि उनके संस्कार, चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने कहा कि माता-पिता बच्चे को जन्म देते हैं, लेकिन शिक्षक उसके व्यक्तित्व को आकार देता है और उसे जीवन की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाता है।
AI के दौर में शिक्षक की भूमिका और महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, डिजिटल तकनीक और इंटरनेट ने ज्ञान के नए द्वार खोल दिए हैं। बच्चे एक क्लिक पर जानकारी हासिल कर सकते हैं, लेकिन जानकारी और ज्ञान में अंतर है।
उन्होंने कहा कि मशीन सूचना दे सकती है, लेकिन संस्कार नहीं दे सकती। AI पाठ तैयार कर सकती है, लेकिन किसी निराश बच्चे के कंधे पर हाथ रखकर उसमें विश्वास पैदा करने का काम शिक्षक ही कर सकता है। इसलिए तकनीक के दौर में शिक्षक की भूमिका कम नहीं बल्कि और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
18,538 करोड़ रुपये हुआ शिक्षा बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा को भविष्य में निवेश के रूप में देखती है। चालू वित्त वर्ष में स्कूल शिक्षा का बजट बढ़ाकर 18,538 करोड़ रुपये किया गया है, जबकि वर्ष 2014-15 में यह करीब 8,400 करोड़ रुपये था।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 218 मॉडल संस्कृति विद्यालय, 251 पीएम श्री विद्यालय विकसित किए गए हैं। इस वर्ष 250 विद्यालयों को सीएम-ईईई स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा बच्चों को घर के नजदीक बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए 719 उत्कृष्ट विद्यालय खोले गए हैं।
3,328 स्कूलों में विकसित किए जा रहे खेल मैदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश के 3,328 विद्यालयों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय को एक लाख रुपये दिए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में एक विद्यालय को उत्कृष्ट खेल विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है।
रोबोटिक्स, कोडिंग और AI से जुड़ रहे विद्यार्थी
प्रदेश के स्कूलों में आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। अटल टिंकरिंग लैब और STEM आधारित प्रयोगशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को रोबोटिक्स, 3-डी प्रिंटिंग, कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ऑगमेंटेड रियलिटी जैसी तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है।
विद्यार्थियों को इसरो और डीआरडीओ जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण भी करवाया जा रहा है। गणित में रुचि बढ़ाने के लिए हरियाणा गणित ओलंपियाड शुरू किया गया है।
सुपर-100 की सीटें 500 हुईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से कौशल बिजनेस चैलेंज शुरू किया गया है। चयनित 67 टीमों को एक-एक लाख रुपये तक की प्रारंभिक सहायता दी जा रही है।
सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए सुपर-100 और बुनियाद कार्यक्रम को भी मजबूत किया गया है। सुपर-100 की सीटें 400 से बढ़ाकर 500 की गई हैं। बुनियाद कार्यक्रम के लिए दो नए आवासीय केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 में सुपर-100 के 38 विद्यार्थी IIT और 44 विद्यार्थी NIT में पहुंचे हैं। कई विद्यार्थियों ने NEET उत्तीर्ण कर MBBS में भी प्रवेश लिया है।
शिक्षकों के प्रशिक्षण और स्थानांतरण व्यवस्था पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों के कल्याण के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है। शिक्षक स्थानांतरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए नई शिक्षक स्थानांतरण नीति लागू की गई है। शिक्षकों के निरंतर व्यावसायिक विकास के लिए CPD फ्रेमवर्क तैयार किया गया है।
निपुण हरियाणा के तहत शिक्षकों के दो प्रशिक्षण चरण पूरे हो चुके हैं और अगले महीने करीब 32 हजार PRT शिक्षकों को प्रशिक्षण देने की योजना है।
शिक्षक चरित्र और जीवन का मार्गदर्शक: महीपाल ढांडा
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह महान भारतीय गुरु परंपरा को याद करने का अवसर है। गुरु केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि चरित्र का निर्माता और जीवन का मार्गदर्शक होता है।
उन्होंने कहा कि एक दशक पहले हरियाणा में बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम करीब 40 प्रतिशत रहता था, जो अब बढ़कर लगभग 90 प्रतिशत के ऐतिहासिक स्तर तक पहुंच गया है। इसके पीछे शिक्षकों की अतिरिक्त कक्षाएं, कमजोर विद्यार्थियों पर व्यक्तिगत ध्यान और अभिभावकों के साथ बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका है।
26 स्कूलों में फ्रेंच और जर्मन भाषा की पढ़ाई
शिक्षा मंत्री ने बताया कि विद्यार्थियों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने के लिए 26 स्कूलों में फ्रेंच और जर्मन भाषाएं शुरू की गई हैं। विद्यार्थियों को भविष्य में फ्रांस और जर्मनी के शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने की योजना भी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2,238 स्किल लैब्स, इंटरनेट और स्मार्ट बोर्ड की सुविधा पर भी काम किया जा रहा है। मेवात कैडर में 1,200 नए PRT शिक्षकों की नियुक्ति से शिक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिली है।
समारोह में मेयर श्याम लाल बंसल, विद्यालय शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा जीतेंद्र कुमार, उपायुक्त सतपाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।