अभिषेक कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एम.आर.एस.पी.टी.यू बठिंडा के यूथफेस्ट में बिखेरा जलवा
अभिषेक कॉलेज, अबोहर के छात्र-छात्राओं ने महाराजा रणजीत सिंह पंजाब तकनीकी विश्वविद्यालय बठिंडा में आयोजित 11वें इंटरजोनल यूथ फेस्टिवल 'जुग जुग जीवै पंजाब' में अपनी शानदार कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं जैसे गिद्धा, भजन, ग्रुप सॉन्ग, गीत, कविता पाठ, भाषण, फुलकारी, बाग, पोस्टर मेकिंग, कोलाज मेकिंग, नाला मेकिंग और क्रिएटिव राइटिंग में हिस्सा लिया और अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
यह शानदार सफलता कॉलेज की कल्चरल कोऑर्डिनेटर और यूथ वेलफेयर डिपार्टमेंट की इंचार्ज मिस प्रियंका जुनेजा के मार्गदर्शन और देखरेख में संभव हो पाई। विद्यार्थियों की इस कड़ी मेहनत और लगन में संदीप सिंह, कारण कुमार , हैप्पी, कर्मण और जशनप्रीत जैसे समर्पित स्टाफ सदस्यों ने भी अहम भूमिका निभाई और उन्हें हर कदम पर तैयार किया।
इस भव्य कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के कुलपति श्री संजीव कुमार शर्मा जी, यूथ वेलफेयर के निदेशक स इकबाल सिंह जी और अभिषेक कॉलेज की माननीय चेयरपर्सन डॉ शकुंतला मिड्ढा तथा कॉलेज के निदेशक श्री रमणीक मिड्ढा विशेष रूप से उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के गणमान्य अतिथियों द्वारा कॉलेज की मैनेजमेंट डॉ मिड्ढा एवं श्री रमणीक मिड्ढा को सम्मानित भी किया गया। इस ऐतिहासिक सहभागिता ने कॉलेज और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
Abohar, Fazilka | Nov 11, 2026