➡️ वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया - मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत
सुरखी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सीहोरा में वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण मध्यप्रदेश शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरासिंह राजपूत सहित क्षत्रिय समाज के सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने मातृभूमि और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी संघर्ष का मार्ग अपनाया, किंतु कभी पराधीनता स्वीकार नहीं की। उनका जीवन आज भी राष्ट्रभक्ति, साहस और आत्मसम्मान की प्रेरणा देता है।
मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सीहोरा में स्थापित यह भव्य प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्थल सिद्ध होगी। यह प्रतिमा युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध कराएगी तथा समाज को एकता और समरसता के सूत्र में बांधने का कार्य करेगी। इस अवसर पर उन्होंने सीहोरा में 25 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण की घोषणा भी की।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन संदेश देता है कि सम्मान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में संघर्ष करना चाहिए। आज आवश्यकता इस बात की है कि नई पीढ़ी महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाए। कार्यक्रम में समाज की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य एवं राष्ट्र निर्माण में क्षत्रिय समाज के योगदान को भी स्मरण किया गया। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में एकता एवं सद्भाव को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar
54 views | Sagar, Madhya Pradesh | Jun 17, 2026