जालौन में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, अवैध असलहा, कारतूस, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद
जालौन। जालौन कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा, जिंदा व खोखा कारतूस, 9,500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 28 अक्टूबर 2026 को अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चन्द्र रावत के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में कोतवाली जालौन पुलिस और स्वाट/सर्विलांस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जालौन से कोंच संपर्क मार्ग पर डी.डी. मेमोरियल स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति मौजूद है। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम बाल-बाल बची। इसके बाद आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
चोरी के मामले में था वांछित - पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आजाद खां पुत्र कल्लू खां, निवासी मोहल्ला दलैल नगर, थाना अजीतमल, जनपद औरैया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 30 अगस्त 2026 को कोतवाली जालौन क्षेत्र में बस में बैठी एक महिला से नकदी और जेवरात चोरी करने की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है।
इस मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली जालौन में मुकदमा अपराध संख्या 195/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 61(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अवैध असलहा और मोटरसाइकिल बरामद -- पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर असलहा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 9,500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई जारी है।
Orai, Jalaun | Nov 2, 2026