महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी में रायगढ़ प्रदेश में अव्वल
96.47 प्रतिशत उपलब्धि के साथ राज्य में सबसे आगे, जिला प्रशासन की सतत समीक्षा, प्रशासनिक मॉनिटरिंग और मैदानी अमले की मेहनत से मिली बड़ी सफलता
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी एवं प्राथमिकता वाली महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों की ई-केवाईसी की सफल क्रियान्वयन में रायगढ़ जिले ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित इस महत्वपूर्ण योजना के तहत ई-केवाईसी अभियान में रायगढ़ जिले ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। राज्य स्तरीय प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले ने 96.47 प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण करते हुए सभी 33 जिलों में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। शेष बचे लाभार्थियों का अमले द्वारा लाभार्थियों के घर घर पहुंचकर ई केवाईसी कराई जा रही है।
यह उपलब्धि जिला प्रशासन की प्रभावी रणनीति, सतत मार्गदर्शन, विभागीय समन्वय तथा जमीनी स्तर पर किए गए अथक प्रयासों का परिणाम है। लगातार समीक्षा, नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्ययोजना के माध्यम से रायगढ़ ने राज्य के बड़े जिलों को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया है।
उल्लेखनीय है कि महतारी वंदन योजना प्रदेश सरकार की सबसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है। इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना तथा समाज में महिलाओं की भागीदारी और सम्मान को बढ़ावा देना है। योजना का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए ई-केवाईसी को अनिवार्य किया गया है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन की नियमित समीक्षा, हर स्तर पर हुई मॉनिटरिंग
रायगढ़ जिले में ई-केवाईसी अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा लगातार इसकी समीक्षा की गई। जिला स्तरीय बैठकों में महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र हितग्राही ई-केवाईसी से वंचित न रहे।
48 views | Raigarh, Chhattisgarh | Jun 11, 2026