ब्रेकिंग | बलरामपुर गरीब बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उठे कई गंभीर सवाल, आखिर जिम्मेदार कौन?
बलरामपुर। जय हिंद पब्लिक स्कूल की बस की टक्कर से घायल हुई एक गरीब बुजुर्ग महिला की मौत के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित बेटे का कहना है कि हादसे के बाद उसकी मां को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाने के बजाय थाना गौरा के सामने स्थित एक कथित क्लीनिक में ले जाया गया, जहां उन्हें लगभग तीन घंटे तक रखा गया।
बेटे का आरोप है कि उसकी मां उससे मिलना चाहती थीं, लेकिन कथित डॉक्टर विजय पांडे और उनके स्टाफ ने उसे मां से मिलने नहीं दिया। परिजनों का कहना है कि महिला की हालत लगातार बिगड़ती रही और कथित क्लीनिक में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद उन्हें एक निजी वाहन से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन से बड़े सवाल... ?
- बस हादसे के बाद घायल महिला को सीधे सरकारी अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया?
- थाना गौरा के सामने संचालित कथित क्लीनिक में गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार किस आधार पर किया जा रहा था?
- क्या उस क्लीनिक के पास ऐसे मरीजों के उपचार की वैध अनुमति थी?
- घायल महिला को उसके बेटे से मिलने से क्यों रोका गया?
- यदि समय पर सरकारी अस्पताल पहुंचाया जाता, तो क्या उसकी जान बच सकती थी?
- पूरे मामले में स्कूल प्रबंधन, बस चालक और कथित क्लीनिक की क्या जिम्मेदारी तय होगी?
पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। यदि परिजनों के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई होगी, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।
देखिए इस पूरे मामले की ग्राउंड रिपोर्ट। पीड़ित परिवार ने अपनी आपबीती बताई है। वहीं, हमने दूसरे पक्ष का भी पक्ष जानने के लिए कई बार फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया, ताकि उनका पक्ष भी दर्शकों तक पहुंचाया जा सके। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक उनका कोई पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
Balrampur, Balrampur | Jul 14, 2026