मऊ के कोपागंज स्थित बापू इंटर कॉलेज में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने वाले 302 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे की मिसाल भी देखने को मिली, जहां चार मुस्लिम जोड़ों का भी निकाह संपन्न कराया गया।
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गरीबों, पिछड़ों, वंचितों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना इसी जनकल्याणकारी सोच का महत्वपूर्ण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न कराया जा रहा है।मंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसके जीवन में खुशहाली आए। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के सपनों को साकार करने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने का माध्यम बन चुकी है। उन्होंने कहा कि बेटियों का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने चार मुस्लिम जोड़ों के विवाह का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण है। सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मंत्री ने नवदंपतियों को वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास, सम्मान और आपसी सहयोग बनाए रखने की सीख देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।