मऊ में जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर तीसरे दिन भी धरने पर डटे गोंड समाज के लोग, मधुबन तहसील में प्रदर्शन जारी
मऊ। मधुबन तहसील में गोंड समाज के जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं होने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग को लेकर अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा, इकाई जनपद मऊ के नेतृत्व में चल रहा धरना प्रदर्शन रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। दर्जनों की संख्या में छात्र-छात्राएं, महिला एवं पुरुष दिन-रात धरना स्थल पर डटे हुए हैं।
प्रदर्शन कर रहे गोंड समाज के लोगों ने तहसील प्रशासन पर पात्र आवेदकों के जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जिन आवेदकों के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का पूर्व में गोंड अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र जारी हो चुका है, उनके प्रमाण पत्र भी नहीं बनाए जा रहे हैं। जबकि संबंधित परिवारों के पुराने राजस्व अभिलेखों और परिवार रजिस्टर की नकल में गोंड जाति दर्ज है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस संबंध में जब तहसीलदार से जानकारी मांगी जाती है तो कथित तौर पर सरकार की ओर से जाति प्रमाण पत्र जारी करने पर रोक होने की बात कही जाती है। इससे समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि शासनादेश के अनुसार पात्रता और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर प्रमाण पत्र जारी किए जाने चाहिए, लेकिन तहसील स्तर पर आवेदकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गोंड समाज के लोगों ने मांग की है कि जिन आवेदकों के पास शासनादेश के अनुरूप वैध पारिवारिक एवं राजस्व अभिलेख उपलब्ध हैं, उनके जाति प्रमाण पत्र नियमानुसार तत्काल जारी किए जाएं। साथ ही पात्र आवेदकों को अनावश्यक रूप से परेशान करना बंद किया जाए।
धरना प्रदर्शन में अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार गोंड, केदारनाथ गोंड, राहुल गोंड, रामजीत गोंड, रामप्रवेश गोंड, यशवंत गोंड, अजय गोंड, अंकित गोंड, सुरेंद्र गोंड सहित सोनी गोंड, पूनम, सुनीता देवी, गीता देवी, अनीता देवी समेत बड़ी संख्या में गोंड समाज के महिला एवं पुरुष शामिल रहे।