गंगापुर थाना पुलिस की दोहरी कार्रवाई, 105 ग्राम अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, अवैध बजरी से भरी पिकअप जब्त
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशन में कार्रवाई, अवैध खनन और मादक पदार्थ तस्करी पर कसा शिकंजा
(भीलवाड़ा तरंग न्यूज़), 3 अगस्त जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध बजरी परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगापुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में एक आरोपी को 105 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया, जबकि अवैध बजरी परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन को जब्त कर संबंधित प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बुद्धराज अति तथा पुलिस उपाधीक्षक सुनील पालीवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।
105 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार 1 अगस्त को सूचना के आधार पर रायपुर रोड से जेलाना की ओर जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 105 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने श्यामलाल बंजारा (33 वर्ष), निवासी बंजारा बस्ती रतनपुरा (सालेरा), थाना गंगापुर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
अवैध बजरी से भरी पिकअप जब्त
एक अन्य कार्रवाई में 2 अगस्त को गश्त के दौरान रिको एरिया, गंगापुर में अवैध बजरी का परिवहन करते हुए एक पिकअप वाहन को रोककर जब्त किया गया। पुलिस ने वाहन के विरुद्ध बीएनएस एवं एमएमडीआर एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बजरी माफियाओं का नया तरीका आया सामने
पुलिस के अनुसार अवैध बजरी माफिया अब ट्रैक्टर-ट्रॉली के बजाय पिकअप वाहनों का उपयोग कर बजरी परिवहन कर रहे हैं। पुलिस ने ऐसे मामलों पर सख्त निगरानी रखते हुए कार्रवाई तेज करने के संकेत दिए हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
अफीम बरामदगी की कार्रवाई में थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल शैतान सिंह, कांस्टेबल रामदेव, चौथराम (विशेष भूमिका), खेताराम एवं राजूराम शामिल रहे।
वहीं अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई में हेड कांस्टेबल नेतराम, हेड कांस्टेबल शैतान सिंह, कांस्टेबल खेताराम एवं कांस्टेबल वीरेन्द्र (विशेष भूमिका) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
— भीलवाड़ा तरंग न्यूज़