जमुई: आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई में 05 गिरफ्तार, गुड्डू यादव समेत अन्य लोगों के घर से नगद, फॉर्च्यूनर, XUV, बोलेरो, ट्रैक्टर, हथियार और कारतूस बरामद
आर्थिक अपराध इकाई यानि EOU ने STF के सहयोग से संगठित अपराध और कथित अवैध संपत्ति के खिलाफ जमुई जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी के पति गुड्डू यादव समेत उनसे जुड़े अलग- अलग 25 ठिकानों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को दिनभर चली लंबी छापेमारी में एक देशी कट्टा, दो कारतूस के अलावा 79 राउंड रायफल की गोली के साथ 34 लाख 19 हज़ार रुपया जब्त किया गया है। इसके अलावा जमीन से जुड़े दस्तावेज, बैंक अभिलेख और सरकारी रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं। उक्त जानकारी मंगलवार की रात 8:00 बजे प्रेस रिलीज जारी कर दी गई है। रात 8 बजे के बाद भी कई ठिकानों पर छापेमारी जारी रही।
ईओयू के अनुसार गुड्डू यादव पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि की खरीद-बिक्री करने, राजस्व अभिलेखों में हेरफेर, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, रंगदारी, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास और संगठित अपराध के नेटवर्क का संचालन करने जैसे गंभीर आरोप हैं। गुड्डू यादव समेत 17 लोगों पर आर्थिक अपराध इकाई पटना में 14/26 मुकदमा दर्ज हैं।
जांच टीम का दावा है कि वर्ष 2000 से अब तक जमुई, लखीसराय और नवादा जिले के विभिन्न थानों में गुड्डू यादव के खिलाफ कुल 39 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गुड्डू यादव और उनकी पत्नी दुलारी देवी के नाम 29 अचल संपत्तियां दर्ज हैं। इन संपत्तियों का निबंधन मूल्य लगभग 2.57 करोड़ रुपया बताया गया है, जबकि सरकारी सर्किल रेट के अनुसार इनकी कीमत करीब 7.59 करोड़ आंकी गई है। इसके अलावा गिरोह से जुड़े सहयोगियों द्वारा 61 दस्तावेजों के माध्यम से करोड़ों रुपये की संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी भी मिली है।
जांच के दौरान गुड्डू यादव और उनकी पत्नी के नाम संचालित 10 बैंक खातों की भी जानकारी मिली है। इन खातों में हुए लेन-देन और आर्थिक गतिविधियों की जांच की जा रही है।
वहीं कार्रवाई के दौरान सिकंदरा स्थित एक पेट्रोल पंप कार्यालय से 79 राउंड राइफल की गोलियां बरामद हुईं। वहीं एक अन्य ठिकाने से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। हथियारों और कारतूस की बरामदगी के बाद संबंधित स्थानीय थाना द्वारा अलग से कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं एक SUV , बोलेरो और एक स्कूटी भी जब्त किया गया है।
ईओयू की इस कार्रवाई में बाबूलाल यादव, भूषण यादव, विपिन यादव, प्रमोद यादव तथा राकेश उर्फ सोनू यादव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके आर्थिक लेन-देन, संपत्ति तथा आपराधिक नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
छापेमारी के दौरान एक आरोपी के घर से अंचल कार्यालय सिकंदरा के सरकारी रजिस्टर तथा न्यायालय से जुड़े सीलबंद लिफाफे भी बरामद हुए हैं। इन सरकारी दस्तावेजों के वहां मिलने से जांच एजेंसियां हैरान हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि ये रिकॉर्ड वहां कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
ईओयू ने यह भी निर्णय लिया है कि गुड्डू यादव, बाबूलाल यादव और ललन यादव के जमुई एवं सिकंदरा स्थित आलीशान मकानों का स्वतंत्र मूल्यांकन कराया जाएगा। जांच एजेंसी इन भवनों के निर्माण में खर्च हुई राशि, आय के स्रोत और संपत्ति के वास्तविक बाजार मूल्य का आकलन कराएगी।
आर्थिक अपराध इकाई ने स्पष्ट किया है कि संगठित आर्थिक अपराध, अवैध संपत्ति और अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। एजेंसी के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है और कुछ स्थानों पर तलाशी अभियान भी जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे और भी कार्रवाई की जा सकती है। वही ईओ की कार्रवाई से पूरे इलाके में दहशत फैली रही लोगों के बीच हड़कंप मचा रहा। #jamuibihar #EOU #CrimeNews #Crime #jamuiPolice #sdpojamui #spjamui #jamuitopnews #Giraftar
Jamui, Jamui | Jul 30, 2026