#गुना - कलेक्टर के निर्देशन में अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केन्द्रों का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार एवं शाला पूर्व गतिविधियों की स्थिति का जायजा लिया गया। जहां कमियां पाई गईं, वहां आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी सुश्री मंजूषा खत्री एवं परियोजना अधिकारी आरोन श्रीमती योगिता बैरागी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आरोन परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र खजूरी एवं आंगनबाड़ी केन्द्र, वार्ड क्रमांक-11 का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र वार्ड-11 पर भवन की स्थिति संतोषजनक पाई गई एवं 10 बच्चे केन्द्र पर उपस्थित पाए गये। अधिकारियों द्वारा केंद्र पर वितरित होने वाले भोजन एवं टेक होम राशन (THR) की गुणवत्ता को परखा गया जो कि संतोषजनक पाई गई। आंगनबाड़ी केन्द्र खजूरी पर निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित मिली केंद्र पर बच्चे एवं हितग्राही भी उपस्थित पाये गये। एसडीएम सुश्री मंजूषा खत्री द्वारा साफ-सफाई हेतु प्रॉपर हाइजीन मेंटेन के बारे में बताने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों पर उपलब्ध पढाई सामग्री एवं खेलकूद की सामग्री का बच्चों को सिखाने एवं गतिविधियों में समुचित प्रयोग किये जाने हेतु निर्देश दिये एवं अधिकारियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन हेतु परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों को आंगनबाड़ी केंद्रों का समय-समय पर निरीक्षण करने हेतु निर्देशित किया।
इसी प्रकार जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग दिनेश कुमार चंदेल एवं परियोजना अधिकारी श्रीमती दीपा शर्मा द्वारा गुना ग्रामीण परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र खेजरा-1 आंगनवाडी केन्द्र मंगवार एवं आंगनबाड़ी केन्द्र करोद-1 का संयुक्तं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र खेजरा-1 तथा आंगनबाड़ी केंद्र करोद-1 पर साफ-सफाई उचित नही पायी गई एवं उपस्थित बच्चों की संख्या भी कम पाई गई। जिस पर अधिकारियों द्वारा नाराजगी व्यक्त की एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को केन्द्रों पर साफ-सफाई रखने एवं नियमित केन्द्र संचालन करने के निर्देश दिये। आंगनबाड़ी केन्द्र मंगवार पर केंद्र की वस्तुस्थिति उचित पाई गई एवं केन्द्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को शालापूर्व गतिविधि करवाती हुई पाई गई।
सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग रिशु सुमन द्वारा सेक्टर म्याना अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र डुंगासरा-1 एवं डुंगासरा-2 की कार्यकर्ताएं केन्द्र पर बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गई जिस पर अधिकारी द्वारा नाराजगी व्य्क्त की गई एवं परियोजना अधिकारी को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिये। आंगनबाड़ी केन्द्र डुंगासरा हाडा पर कार्यकर्ता उपस्थित पाई गई किंतु केंद्र पर उपस्थित बच्चों की संख्या कम पाई गई जिस पर अधिकारी द्वारा कार्यकर्ता को बच्चों को केन्द्र पर बुलाकर उन्हे शाला पूर्व शिक्षा एवं विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र चक माधौपुर पर आंगनबाडी कार्यकर्ता बच्चों को शालापूर्व शिक्षा प्रदान करती हुई पाई गई, केन्द्र पर वितरित किये जाने वाले नाश्ता एवं भोजन निरीक्षण के समय उपलब्ध नही पाये जाने पर अधिकारी द्वारा नाराजगी जताई गई। भ्रमण के दौरान श्री सुमन द्वारा सहरिया बस्ती चकमाधौपुर की नवीन निर्माणाधीन आंगनबाडी केन्द्रों का निरीक्षण किया गया एवं भवन निर्माण की गुणवत्ता को परखा गया। आंगनबाड़ी केन्द्र भदौरा-2 पर आंगनबाड़ी सहायिका बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाई गई। जिसके विरूद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिये।
#Guna