#गुना - चांचौड़ा में सरपंच-सचिवों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम संपन्न
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक दुबे के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग, पिरामल फाउंडेशन एवं जनपद पंचायत चांचौड़ा के संयुक्त तत्वावधान में नींव परियोजना एवं पोषण माह के अंतर्गत जनपद पंचायत सभागार में सरपंच एवं सचिवों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चांचौड़ा जनपद क्षेत्र की 40 पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को बेहतर बनाना तथा पंचायत प्रतिनिधियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना रहा। इस दौरान पोषण माह की थीम “मेरी आंगनबाड़ी-मेरी जिम्मेदारी” पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में पंचायत मैनेजमेंट यूनिट (PMU) के गठन एवं उसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम मैनेजर सुश्री स्मिता दीक्षित, सीनियर प्रोग्राम लीडर श्री उधम सिंह लोधी एवं प्रोग्राम लीडर श्री नीरज कुमार ने पंचायत स्तर पर प्रभावी योजना, समन्वय, समीक्षा एवं समस्या समाधान की प्रक्रिया से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
प्रशिक्षण के दौरान पंचायतों में PMU के माध्यम से मासिक बैठक आयोजित करने, स्थानीय समस्याओं की पहचान एवं उनके निराकरण, पात्र बच्चों को विटामिन-ए की शत-प्रतिशत खुराक दिलाने, प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में लर्निंग कॉर्नर विकसित करने, बच्चों की नियमित ग्रोथ मॉनिटरिंग एवं मंगल दिवस के आयोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इसके साथ ही पूरक पोषण आहार के प्रति जागरूकता बढ़ाने, प्रत्येक माह आंगनबाड़ी केंद्रों पर पैरेंट मीटिंग आयोजित करने तथा बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक विकास से जुड़े संकेतकों की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।
नींव परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गांधी फेलो आदित्य सैनी एवं मोहम्मद हाफिज खान द्वारा फील्ड स्तर पर निरंतर समन्वय किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि 09 सितंबर से 08 अक्टूबर तक आयोजित पोषण माह की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें। कार्यक्रम में जनपद पंचायत चांचौड़ा के सीईओ श्री संजीव कुमार श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी श्री श्रावण कुमार नागले सहित बड़ी संख्या में सरपंच एवं सचिव उपस्थित रहे।
#Guna CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
148 views | Guna, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026