#बालाघाट
नक्सल प्रभावित रहें 100 गांवों में 14 दिन तक चलेगा विशेष विकास अभियान
कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारी करेंगे गांवों का दौरा, पेयजल, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के कार्यों को समयसीमा में पूरा करने के निर्देश
नक्सल प्रभावित रहे बैहर एवं बिरसा क्षेत्र के 100 गांवों में विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आगामी 14 दिनों तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को गांवों का भ्रमण कर विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लेने तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान कलेक्टर श्री आदित्य सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तनुश्री मीना, अपर कलेक्टर तथा बैहर एसडीएम अलग-अलग गांवों के समूहों का दौरा करेंगे। प्रत्येक अधिकारी 25-25 गांवों में पहुंचकर विकास कार्यों की प्रगति और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करेगा। कलेक्टर स्वयं सबसे दूरस्थ गांवों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
स्वीकृत एवं लंबित कार्यों की जानकारी तैयार रखने के निर्देश
कलेक्टर श्री सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग से संबंधित स्वीकृत, प्रगतिरत एवं लंबित विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी तैयार रखें। इसमें बजट आवंटन, तकनीकी स्वीकृति (टीएस), प्रशासकीय स्वीकृति (एएस) तथा टेंडर की स्थिति का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए, ताकि कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिव एवं पटवारी को अपने गांव में संचालित और पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की पूरी जानकारी होनी चाहिए। इसी तरह ब्लॉक एवं तहसील स्तर के अधिकारियों को भी अपने क्षेत्र की कार्ययोजना और विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत रहना आवश्यक है।
गांवों में पेयजल, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर
विशेष अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था, स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए इंटरनेट सुविधा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही सोलर लाइट लगाने और मंच निर्माण जैसे विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप लंबित कार्यों को भी समयसीमा में पूरा किया जाए। गांवों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें और भ्रमण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कदम उठाएं।
कुल्पा में कृषि अधिकारी के नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने गांवों के भ्रमण के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति और विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कुल्पा गांव के दौरे के दौरान कृषि विस्तार अधिकारी के नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई। इस पर उन्होंने उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय को कृषि विभाग के अधिकारियों का नियमित मैदानी भ्रमण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को योजनाओं की जानकारी और कृषि संबंधी मार्गदर्शन समय पर मिल सके।
मैदानी कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
कलेक्टर श्री सिंह ने स्पष्ट किया कि आगामी 14 दिनों के दौरान मैदानी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गांवों का भ्रमण करने, समस्याओं की पहचान करने और विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती तनुश्री मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp