#बालाघाट
डाइट बालाघाट में जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित
विजेता टीम राज्य स्तर पर लेगी भाग
राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के अंतर्गत डाइट बालाघाट में जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों एवं माध्यमिक शालाओं में कक्षा 8वीं और 9वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को लोक कला एवं संस्कृति से जोड़ने के साथ जनसंख्या शिक्षा से संबंधित विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।
डाइट बालाघाट की बालिका शिक्षा प्रभारी श्रीमती स्मिता तितिरमारे ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से किशोरवय विद्यार्थियों में जनसंख्या शिक्षा से जुड़े मुद्दों की समझ विकसित करने और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में ऐसे कौशल विकसित करना भी उद्देश्य है, जिससे वे जीवन की विभिन्न चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें। प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय कला एवं संस्कृति को पहचानने तथा उसे नए संदर्भों से जोड़कर समझने का अवसर भी मिला। इसमें सादिपनी विद्यालय बालाघाट, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट, नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका छात्रावास बैहर तथा बालक छात्रावास बालाघाट की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में श्री एन.पी. मलगाम, श्री मनोज जैन, प्राचार्य एम.एल.बी. बालाघाट तथा नूतन कला निकेतन की श्रीमती ज्योति परिहार उपस्थित रहीं। आयोजन के दौरान डाइट स्टाफ से श्री एस.एन. पंडित, श्री के.डी. तितिरमारे, श्रीमती सरला भारद्वाज, सहनाज खान, सावित्री बिसेन, प्रशिक्षण सहायक सजल मस्की, सुधा लाडे, विशाखा चौधरी, शशिकला शेंडे एवं पुष्पा ओसले की उपस्थिति रही। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के उपरांत विजेता टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump