अररिया,जिलाधिकारी ने किया अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, रानीगंज का औचक निरीक्षण, छात्राओं से किया संवाद, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का लिया जायजा
जिलाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन ने गुरुवार को अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, रानीगंज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छात्रावास तथा भोजनालय (मेस) का विस्तृत जायजा लेते हुए उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का मूल्यांकन किया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, रहने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर उनका फीडबैक प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं को नियमित रूप से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने छात्रावास स्थित मेस का भी जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं पौष्टिकता की जांच की और स्वयं भोजन को देखा। साथ ही रसोईघर का निरीक्षण कर वहां साफ-सफाई एवं स्वच्छता की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को भोजन तैयार करने से लेकर परोसने तक स्वच्छता के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ स्वच्छ एवं सुरक्षित परिसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने पूरे विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा छात्रावास और अन्य सुविधाओं का समुचित रखरखाव करने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।