अररिया,उर्वरक प्रतिष्ठानों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, अधिक कीमत वसूलने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन ने गुरुवार को रानीगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उर्वरक की उपलब्धता, बिक्री व्यवस्था एवं किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित किसानों से धान की फसल की बुआई, वर्षापात, उर्वरक की उपलब्धता तथा खेती से जुड़ी अन्य जानकारी ली। किसानों ने क्षेत्र में उर्वरक की उपलब्धता को लेकर संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में किसानों को उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा उर्वरक की बिक्री निर्धारित एवं उचित मूल्य पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
जिला पदाधिकारी ने जिला कृषि पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अररिया एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी रानीगंज को स्पष्ट निर्देश दिया कि उर्वरक प्रतिष्ठानों की नियमित रूप से निगरानी एवं जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक की बिक्री की जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध विभागीय निहित प्रावधानों के तहत विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को किसानों के हित में उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया।