खेलों से होता है बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अमरोह में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
हमीरपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अमरोह में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य राकेश वर्मा, ग्राम पंचायत अमरोह के प्रधान कुलभूषण ठाकुर, उपप्रधान अश्विनी कुमार, ग्राम पंचायत जटेहड़ी की प्रधान ज्योति शर्मा तथा विद्यालय स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में जिले के 24 विद्यालयों की लगभग 280 छात्रा खिलाड़ी भाग ले रही हैं। विभिन्न विद्यालयों से आई खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के खेल एवं सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का निर्माण होता है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनकी डाइट मनी में बढ़ोतरी की है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए वातानुकूलित वाहनों की व्यवस्था भी की गई है।
डॉ. वर्मा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज खेल केवल मनोरंजन अथवा शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। खिलाड़ी छोटी उम्र में ही अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ी को 5 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 4 करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 3 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना और उन्हें खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
डॉ. वर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर इंडोर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हमीरपुर जिले के नादौन में लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम निर्मित किया जा रहा है, जहां एक साथ 17 खेलों के आयोजन की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत अमरोह के प्रधान कुलभूषण ठाकुर, उपप्रधान अश्विनी कुमार, ग्राम पंचायत जटेहड़ी की प्रधान ज्योति शर्मा, वार्ड पंच अमन, पूर्व प्रधान राजकुमार, सूबेदार रोशन लाल, कैप्टन विक्रम, श्रीमती स्नेह, एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिकंदर, पुरुषोत्तम गुलरिया, सुरेंद्र डोगरा, युवा कांग्रेस के नेता, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खिलाड़ी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।