बरेली में लाउडस्पीकर चेकिंग अभियान: 438 स्थानों पर जांच, 81 की आवाज मानक के अनुरूप कराई, 3 हटवाए
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देशन में जनपद में प्रत्येक शनिवार को चलाए जा रहे ध्वनि विस्तारक यंत्र (लाउडस्पीकर) चेकिंग अभियान के तहत शनिवार सुबह व्यापक कार्रवाई की गई। सुबह 5 बजे से 7 बजे तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के अनुपालन की जांच की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने जनपद में कुल 438 स्थानों पर लाउडस्पीकरों की जांच की। नियमों का उल्लंघन मिलने पर 81 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप कराई गई, जबकि शेरगढ़ थाना क्षेत्र में 3 लाउडस्पीकर हटवाए गए।
सबसे अधिक कार्रवाई किला थाना क्षेत्र में हुई, जहां 36 स्थानों की जांच के दौरान 19 लाउडस्पीकरों की आवाज मानक के अनुरूप कराई गई। इसके अलावा देवरनियां में 14, फतेहगंज पश्चिमी में 12, सुभाषनगर में 12, भोजीपुरा में 9 और शेरगढ़ में 4 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित सीमा के अनुसार कराई गई। अन्य थाना क्षेत्रों में भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान लोगों को ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों की जानकारी देते हुए भविष्य में निर्धारित मानकों का पालन करने की अपील की। बरेली पुलिस ने कहा कि सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने के लिए सभी नागरिक ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप ही करें।
#बरेलीपुलिस
#वायरलन्यूज़
#बरेलीन्यूज़