कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी साउथ और एसपी ट्रैफिक ने किया संयुक्त निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रिपोर्ट कविता मौर्य
बरेली। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने संयुक्त रूप से कांवड़ मार्गों और प्रस्तावित कांवड़ यात्रा रूट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्वाइंट, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, पुलिस पिकेट और ड्यूटी व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा तथा निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान बरेली पुलिस और शाहजहांपुर पुलिस के अधिकारियों के बीच समन्वय बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में दोनों जनपदों की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन योजना समय से लागू की जाए, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे और नियमित गश्त की जाए। साथ ही मार्ग पर अतिक्रमण, अवरोध और जलभराव जैसी समस्याओं को संबंधित विभागों के समन्वय से तत्काल दूर कराया जाए। सीसीटीवी कैमरे और प्रकाश व्यवस्था भी पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए।
#बरेलीन्यूज़
#बरेलीपुलिस