आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत जिला पंचायत सीईओ ने सिरमौर, जवा एवं हनुमाना के 40 संकेतकों की गहन समीक्षा की
लंबित लक्ष्यों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण कर पोर्टल पर अद्यतन डेटा अपलोड करने के निर्देश
___________________________________________
जिला पंचायत सभागार में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा की अध्यक्षता में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत जनपद पंचायत सिरमौर, जवा एवं हनुमाना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग द्वारा निर्धारित सभी 40 विकास संकेतकों की विभागवार गहन समीक्षा की गई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने प्रत्येक संकेतक की वर्तमान प्रगति का आकलन करते हुए समस्त विभाग प्रमुखों को कड़े निर्देश दिए कि सभी लंबित लक्ष्यों को तय समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत संतृप्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित विभाग अपने-अपने विभागीय पोर्टल पर अद्यतन जानकारी और डेटा की नियमित प्रविष्टि प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें, ताकि विकासखंडों की वास्तविक प्रगति प्रदर्शित हो सके।
बैठक में नीति आयोग द्वारा तय किए गए 5 विषयगत क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 40 संकेतकों पर विशेष जोर दिया गया। गर्भवती महिलाओं का प्रथम तिमाही में एएनसी (ANC) पंजीकरण, संस्थागत प्रसव, कम वजन के नवजात शिशु, NQAS प्रमाणित स्वास्थ्य केंद्र, 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में उच्च रक्तचाप व मधुमेह की जांच, टीबी उपचार सफलता दर, गर्भवती महिलाओं व बच्चों को पूरक पोषण, बच्चों की वजन-ऊंचाई माप दक्षता, गंभीर एवं मध्यम कुपोषण की स्थिति तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में क्रियाशील शौचालय व पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की गई। कक्षा 8 से 9 एवं कक्षा 10 से 11 में बालक-बालिकाओं की संक्रमण दर, प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात विद्यालयों में बालिका शौचालय, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों हेतु प्रशिक्षित शिक्षक तथा कक्षा 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के परिणामों की समीक्षा हुई।
किसान उत्पादक संगठन का गठन, पीएम-किसान योजना में आधार सीडिंग (AEPB), मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण, पशुओं में खुरपका-मुंहपका रोग का टीकाकरण एवं विकासखंड में भूजल दोहन के स्तर पर चर्चा की गई। हर घर नल से जल, ओडीएफ प्लस ग्राम, ग्राम पंचायतों में भारतनेट सुविधा एवं सक्रिय कनेक्शन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की प्रगति देखी गई। साथ ही बैंकिंग टच पॉइंट्स, प्रधानमंत्री ग्रामीण डिजिटल साक्षरता अभियान, स्व-सहायता समूहों से जुड़े परिवार, समूहों को रिवॉल्विंग फंड का वितरण एवं 'वोकल फॉर लोकल' के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी व परियोजना अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, पशु चिकित्सा विस्तार अधिकारी, संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक तथा जनपद पंचायत सिरमौर व जवा के आकांक्षी विकासखंड फेलो सहित समस्त जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा