कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने प्राथमिक शाला कछौड़ का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि वे पढ़ाई पूरी करने के बाद क्या बनना चाहते हैं। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित विद्यालय आने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने हेतु प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में अध्ययनरत ऐसे 18 बच्चों की विशेष रूप से जानकारी ली, जो लगभग सात किलोमीटर दूर से प्रतिदिन विद्यालय आते हैं। उन्होंने इन बच्चों के विद्यालय आने-जाने की स्थिति तथा उनकी नियमित उपस्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बच्चों की शिक्षा में आने वाली कठिनाइयों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई।
#chhattisgarh #mcbdistrict