#भरतपुर। नदबई क्षेत्र के बरौलीछार गांव में 'बरौलीछार प्रीमियर लीग' क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कुल 7 टीमें भाग ले रही हैं। इस प्रतियोगिता से स्थानीय ग्रामीण युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिल रहा है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच रहे हैं। टूर्नामेंट का आयोजन युवा अध्यक्ष दिनेश सिकरवार, उपाध्यक्ष यदुनाथ जांगिड़ और रघुवर चौधरी की देखरेख में हो रहा है। आयोजकों ने बताया कि विजेता टीम को 11,000 रुपये तथा उपविजेता टीम को 5,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर दिनेश सिकरवार ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और उनमें अनुशासन व टीम भावना का विकास करना है। इस दौरान भूदेव शर्मा, अमरदीप, विश्वेंद्र सिंह, पूर्व डायरेक्टर जगदीश, मनोज, उमेश, सुंदर, बाबू, दुर्गा प्रसाद, नवाब सिंह और रजनीश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।