#भरतपुर। जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के समक्ष केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर वोट चोरी और नगर निकाय चुनावों में जबरन पार्षद चोरी करने के गंभीर आरोप लगाए। जिला संगठन महासचिव योगेश सिंघल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार अपनी शक्तियों का दुरुपयोग कर निर्वाचन आयोग पर दबाव बना रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त को अपने पक्ष में कर वोट चोरी का काम कराया जा रहा है। सिंघल ने दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सहित वरिष्ठ नेताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार और आंदोलन को दबाने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तुरंत अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो भरतपुर के कार्यकर्ता दिल्ली कूच करेंगे।