#भरतपुर। बयाना-ब्रह्मबाद मार्ग स्थित माली की कुईया मोहल्ले में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान की छत पर लेपर्ड बैठे होने की सूचना मिली। जंगली जानवर की मौजूदगी की खबर मिलते ही परिवार के लोगों ने तुरंत दरवाजे बंद कर खुद को घर में कैद कर लिया। घटना की सूचना पर एएसपी रामगोपाल बसवाल, सीओ देवेंद्र जाखड़ और एसएचओ रामगिलास गुर्जर पुलिस बल के साथ पहुंचे, वहीं रेंजर पवन विधूड़ी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मोर्चा संभाला। वन टीम ने छत और आसपास के क्षेत्र में पगमार्क तलाशने की कोशिश की, लेकिन घना अंधेरा होने के कारण कोई निशान नहीं मिल सके। इस दौरान जानवर खाली प्लॉट के रास्ते झाड़ियों की तरफ भाग निकला। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जानवर के लेपर्ड होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से टीम मौके पर तैनात रहकर निगरानी कर रही है और ग्रामीणों से अफवाहों से बचने व सतर्क रहने की अपील की गई है।