डीएम ने राजकीय बाल गृहों का किया निरीक्षण
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बाल गृह (बालक) एवं राजकीय बाल गृह (शिशु) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। साथ ही अभिलेखों का रखरखाव भी देखा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थाओं में निर्धारित मानकों के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संस्था में निवासरत बच्चों के साथ सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई। उन्होंने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और देश के पहले उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री के रूप में उनकी भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है और उनकी जयंती 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बच्चों को मिष्ठान वितरित किया।
इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्विनी कुमार, अधीक्षक रामेंद्र शेखर श्रीवास्तव सहित महिला कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।