भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्षों के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार धार जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
चित्रकला प्रतियोगिता में जिले के कुल 16,081 विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत-सेवा चित्र’ विषय पर चित्र बनाए। विद्यार्थियों ने अपने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत की संकल्पना, सामाजिक सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, राष्ट्र निर्माण एवं नागरिक दायित्व जैसे विषयों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
भाषण प्रतियोगिता में जिले के कुल 10,603 विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत-सेवा’ विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति, शिक्षा, सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस प्रकार दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 26,684 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन आगामी संकुल स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। निर्देशानुसार विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए उत्कृष्ट चित्रों की 21 सितंबर 2026 को विद्यालय स्तर पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रतियोगिता की फोटो एवं वीडियो रिकॉर्डिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। विद्यार्थियों को सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रेरित किया गया।
निर्देशानुसार विद्यालय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को आगामी संकुल स्तर की प्रतियोगिता के लिए 22 सितंबर 2026 को भेजा जाएगा। इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी स्तरों पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh
80 views | Dhar, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026