#बालाघाट
सुरभि गौशाला कारंजा में गोवर्धन पूजा एवं गौमाता पूजन का हुआ आयोजन,
गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार विजेताओं का हुआ सम्मान
प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर लाने के लिए सरकार कर रही प्रयास : विधायक राजकुमार कर्राहे
दीपावली पर्व के दूसरे दिन 9 नवंबर को लांजी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कारंजा स्थित बालासाहेब देवरस न्यास द्वारा संचालित सुरभि गौशाला में गोवर्धन पूजा एवं गौमाता पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के वृंदावन ग्रामों में आयोजित देशी नस्ल की गायों की दुग्ध प्रतियोगिता के विजेताओं को शाल-श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अष्ट विनायक परिवार आमगांव द्वारा सुरभि गौशाला को पांच पंखे भी दान स्वरूप प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में विधायक राजकुमार कर्राहे, कलेक्टर आदित्य सिंह, अपर कलेक्टर डीपी बर्मन, जनपद पंचायत सदस्य भारती चुटे, बालासाहेब देवरस न्यास के ट्रस्टी विलास जुगादे एवं अनिल जोशी, न्यास के सचिव सचिन अग्रवाल, गौशाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मोरेश्वर फुंडे सहित अन्य पदाधिकारी, पशु चिकित्सा विभाग के उप संचालक डॉ. घनश्याम परते, पशु चिकित्सक डॉ. घोड़ेश्वर एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित थे।
अतिथियों ने विधि-विधान से गोवर्धन पूजा एवं गौमाता का पूजन किया। साथ ही गौमाता को रोटियां खिलाकर उनकी सेवा एवं संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया।
पशुपालन से ही खेती बनेगी लाभ का धंधा
इस अवसर पर विधायक राजकुमार कर्राहे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। वर्तमान में मध्य प्रदेश देश में दुग्ध उत्पादन के मामले में तीसरे स्थान पर है और इसे पहले स्थान पर लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश में देशी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वृंदावन ग्राम विकसित कर गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना शुरू की गई है।
विधायक श्री कर्राहे ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गौशालाओं में पशुओं के भरण-पोषण के लिए मिलने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी है। पशुपालकों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। पशुपालन से न केवल दूध उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि जैविक खेती को भी बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
विधायक श्री कर्राहे ने कहा कि रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से कृषि भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे में प्राकृतिक एवं जैविक खाद का उपयोग बढ़ाना आवश्यक है। पशुपालन के माध्यम से खेतों के लिए पर्याप्त जैविक खाद उपलब्ध हो सकती है। किसानों को कृषि के साथ पशुपालन भी अपनाना चाहिए। इससे खेती को लाभ का धंधा बनाने में मदद मिलेगी।
छह विधानसभा क्षेत्रों के 18 पशुपालक हुए सम्मानित
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों के वृंदावन ग्रामों में आयोजित दुग्ध प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के एक वृंदावन ग्राम में देशी नस्ल की गायों की दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। विजेताओं की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से जमा कराई जा चुकी है।
सम्मानित पशुपालकों में बैहर विधानसभा के वृंदावन ग्राम करौंदा से राधेश्याम रहांगडाले, योगेश गौतम एवं टहेल सिंह, लांजी विधानसभा के वृंदावन ग्राम बापड़ी से राकेश बसेने, जागेश्वर पिछोड़े एवं युवराज कठाने, परसवाड़ा विधानसभा के वृंदावन ग्राम बड़गांव से रामसिंह बट्टी, अशोक मेरावी एवं हिम्मत सिंह उइके शामिल हैं।
इसी प्रकार बालाघाट विधानसभा के वृंदावन ग्राम कुम्हारी से संतलाल उपवंशी, चंद्रभान रनगिरे एवं शिवलाल डहारे, वारासिवनी विधानसभा के वृंदावन ग्राम आरंभा से सुनीता सुलकिया, ललित मस्करे एवं बेनीराम बसेने तथा कटंगी विधानसभा के वृंदावन ग्राम आगरवाड़ा से खिन्नालाल बिसेन, हुकुमचंद टेंभरे एवं राजाराम बिसेन को शाल-श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#GoverdhanPooja #गोवर्धन_पर्व
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 9, 2026