*गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में एकता-अखंडता की शपथ, दो मुख्य आरक्षियों को मिला गृह मंत्रालय का उत्कृष्ट सेवा पदक - बस्ती*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 02 अक्टूबर 2026
*बस्ती।* राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन बस्ती में श्रद्धांजलि और शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया और अपर राज्य रेडियो अधिकारी मोहन लाल की मौजूदगी में दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।
इस दौरान एसपी बस्ती ने अपने उद्बोधन में महात्मा गांधी और शास्त्री जी के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य, अहिंसा, सद्भाव, भाईचारा और परिश्रम के मार्ग पर चलने की अपील की और राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता व सुरक्षा के लिए योगदान करने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा सम्मानित दो मुख्य आरक्षियों को पदक-चिह्न लगाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में मु.आ. प्रमोद कुमार यादव, क्षेत्राधिकारी हरैया कार्यालय और मु.आ. ऋषिकेश मणि त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कलवारी कार्यालय शामिल हैं। एसपी ने दोनों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही 9 अनुचरों को उपहार भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 2, 2026