शिकायत के बाद कंपोजिट विद्यालय पड़री पाण्डेय का निरीक्षण, समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन
बस्ती । कंपोजिट विद्यालय पड़री पाण्डेय में जलजमाव, परिसर में भरे पानी, जलमग्न शौचालय, खराब हैंडपंप और क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर की गई शिकायत के बाद बुधवार को संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम प्रधान ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बस्ती जिला अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा प्रमोद कुमार चौधरी के अनुसार, विद्यालय की समस्याओं को लेकर शिकायत किए जाने के बाद खंड विकास अधिकारी सल्टौआ गोपालपुर, सहायक खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी तथा ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर विद्यालय की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में जलजमाव, पानी में डूबे शौचालय, खराब हैंडपंप तथा क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल समेत अन्य समस्याएं देखी गईं। निरीक्षण के दौरान बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी कराया गया। अधिकारियों एवं ग्राम प्रधान की ओर से विद्यालय की अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। साथ ही विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और हरा-भरा बनाने की दिशा में आवश्यक कार्य कराने की बात कही गई। प्रमोद कुमार चौधरी ने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत सैकड़ों बच्चों की सुविधाओं और सुरक्षित वातावरण को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं का समाधान बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर समस्याओं का निरीक्षण करना और उनके समाधान का आश्वासन देना सकारात्मक पहल है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं समस्त शिक्षकगण की भी सराहना की। प्रमोद चौधरी ने कहा कि विद्यालय की विषम परिस्थितियों के बावजूद शिक्षक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं और उनकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल भवन नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य को आकार देने का केंद्र है। इसलिए विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। प्रमोद कुमार चौधरी ने ग्राम प्रधान एवं विकास खंड सल्टौआ गोपालपुर के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विद्यालय से संबंधित सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिए विद्यालय को स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधासंपन्न एवं हरा-भरा बनाना उनकी प्राथमिकता है।
Basti, Basti | Sep 9, 2026