*रेलवे सेवा सुधार हेतु राणा प्रताप नगर स्टेशन पर जन-संवाद का आयोजन*
उदयपुर, 22 अक्टूबर 2026। भारतीय रेल द्वारा रेलवे स्टेशनों एवं रेलगाड़ियों में यात्री सुविधाओं के उन्नयन तथा यात्रियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से राणा प्रताप नगर रेलवे स्टेशन, उदयपुर पर रेल जन-संवाद का आयोजन किया गया। अजमेर मंडल के वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री प्रदीप कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में शहर विधायक माननीय श्री ताराचंद जैन मुख्य अतिथि, उप महापौर श्री दिनेश भट्ट अध्यक्ष तथा विवेकानंद पर्यावरण सेवा समिति के श्री राम जी. वार्ष्णेय एवं पूर्व पार्षद श्री तेजेंद्र सिंह ‘रोबिन’ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
जन-संवाद के प्रारंभ में विधायक श्री ताराचंद जैन ने रेलवे स्टेशन एवं रेलगाड़ियों में यात्रियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं बच्चों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक सुधारों के सुझाव दिए।
इस अवसर पर हिंदुस्तान जिंक के पूर्व सहायक महाप्रबंधक श्री प्रवीण गुप्ता ने रेल सेवाओं के विस्तार एवं यात्री सुविधाओं में सुधार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। इनमें बेंगलुरु के लिए रेल सेवा की सुविधा, सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस का राणा प्रताप नगर स्टेशन से संचालन प्रारंभ करने, उदयपुर–मुंबई के बीच अहमदाबाद होकर दैनिक रेल सेवा शुरू करने तथा उदयपुर से चेन्नई, हैदराबाद एवं केरल की ओर अतिरिक्त रेलगाड़ियां संचालित करने के प्रस्ताव शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त, उदयपुर से प्रारंभ होने वाली हमसफर एक्सप्रेस का राणा प्रताप नगर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने, सभी एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को इस स्टेशन पर ठहराव प्रदान करने का सुझाव दिया गया ताकि शहर की अधिकतम जनता को इसका लाभ मिल सके। स्टेशन के दोनों ओर स्थित मुख्य सड़कों पर यात्रियों की सुविधा एवं रेल स्टेशन की जानकारी के लिए विद्युत चालित सूचना एवं साइन बोर्ड स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता श्री प्रदीप कुमार ने स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया तथा यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों द्वारा प्रस्तुत सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना और नियमानुसार उचित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में प्रकाश व्यवस्था में सुधार करने तथा परिसर में रखे अनावश्यक सामान को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। इस पहल का उद्देश्य स्टेशन परिसर को अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित, सुरक्षित एवं यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाना रहा।
अंत में सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।