अपना घर आश्रम' में मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित, 85 प्रभुजियों का हुआ उपचार
हिंडौन राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मानसिक स्वास्थ्य इकाई, करौली द्वारा 'अपना घर आश्रम' में एक दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आश्रम में रह रहे 85 प्रभुजियों का गहन स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें उचित परामर्श एवं उपचार दिया गया।शिविर में नियमित सेवाएँ दे रहे मनोचिकित्सक डॉ. प्रेमराज मीना ने बताया कि आश्रम में रह रहे प्रभुजी मानसिक तनाव, अवसाद और स्किजोफ्रेनिया जैसी गंभीर मानसिक बीमारियों के कारण अक्सर अपने घरों से निकल जाते हैं। सुध-बुध खोने के कारण वे ट्रेन या बस के जरिए अपने घर से बहुत दूर, लावारिस और अत्यंत दयनीय हालत में पहुंच जाते हैं तथा विक्षिप्त जीवन जीने को मजबूर होते हैं। उन्होंने कहा कि 'अपना घर' संस्था इस दिशा में बेहद सराहनीय और पुनीत कार्य कर रही है। सूचना मिलते ही ऐसे असहाय लोगों को संस्था की एम्बुलेंस से आश्रम लाया जाता है, जहाँ उनके बेहतर खान-पान और निःशुल्क उपचार की व्यवस्था से उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होता है। पूर्णतः स्वस्थ होने पर संस्था द्वारा उन्हें ससम्मान वापस उनके परिवारों को सौंप दिया जाता है।इस विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर में डॉ. अक्षत शर्मा, साइकेट्रिक नर्स गौरव गोयल और सीआरए गौरव शर्मा सहित आश्रम के सेवादारों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
Badgaon, Udaipur | Oct 22, 2026