हनुमान मंदिर को क्षतिग्रस्त करने का आरोप, विरोध पर बंदूक निकालकर धमकाने की शिकायत
सुखेर थाना क्षेत्र का मामला, कॉलोनीवासियों ने होटल संचालक के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत
उदयपुर। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश और विरोध करने वाले लोगों को बंदूक दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया है। पुलक बिहार कॉलोनी के निवासियों ने पास स्थित मनसा होटल के संचालक अजीतपाल सिंह राणावत पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
कॉलोनीवासियों के अनुसार, क्षेत्र के लोगों ने आपसी सहयोग और चंदा एकत्रित कर मनसा होटल के पास हनुमान जी का मंदिर बनवाया था। आरोप है कि रविवार को मंदिर के पास लगे लाइट के पोल गिरा दिए गए। इसका विरोध करने पर होटल संचालक कथित तौर पर लोहे का सरिया लेकर लोगों की ओर दौड़ा।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर होटल संचालक अपनी कार से बंदूक निकालकर लोगों को धमकाने लगा और जान से मारने की धमकी दी। पूजा-अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ भी कथित तौर पर अभद्रता और हमला करने का प्रयास किया गया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि मंदिर बनने के बाद वहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ी है। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। शिकायत में होटल के भीतर कथित रूप से अनुचित गतिविधियां संचालित होने का आरोप भी लगाया गया है।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और दूसरे पक्ष का बयान सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।