बेल्ट्रॉन कर्मियों को राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग, बेतिया में 200 से अधिक कर्मियों ने निकाला रोड मार्च, तीन दशक से सरकारी कार्यालयों में दे रहे सेवाएं, सेवा नियमित करने और भविष्य सुरक्षित करने की उठाई आवाज, आईटी विभाग को नोडल विभाग घोषित करने की मांग...
बेतिया में बेल्ट्रॉन के माध्यम से बिहार के विभिन्न सरकारी विभागों एवं कार्यालयों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रोग्रामर, स्टेनोग्राफर और आईटी कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर रोड मार्च निकाला। बिहार राज्य डाटा एंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आयोजित इस मार्च में 200 से अधिक कर्मियों ने भाग लिया। सभी कर्मियों ने राज्य सरकार से उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा देने और उनकी सेवा नियमित करने की मांग उठाई। रोड मार्च की शुरुआत शहर के शहीद स्मारक से हुई, जो जनता सिनेमा चौक होते हुए समाहरणालय गेट तक पहुंचा। इस दौरान कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया। संयुक्त मोर्चा के सदस्य अमरेंद्र तिवारी और लक्ष्मण शर्मा ने कहा कि बेल्ट्रॉन के माध्यम से नियोजित कर्मी पिछले करीब तीन दशकों से राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद आज तक उनके भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। लंबे समय से सरकारी व्यवस्था का हिस्सा बनकर काम करने के बाद भी उन्हें स्थायी सेवा और अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मियों की प्रमुख मांग है कि राज्य सरकार उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा प्रदान करे तथा सूचना प्रावैद्यिकी विभाग (आईटी विभाग) को उनका नोडल विभाग घोषित करे। साथ ही सेवा नियमितीकरण और भविष्य की सुरक्षा को लेकर ठोस नीतिगत निर्णय लिया जाए। कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनकी समस्याएं बनी रहेंगी। रोड मार्च में मिथिलेश कुमार, कौशलेन्द्र कुमार शाही, धर्मेंद्र कुमार, प्रभु सिंह, अमरेंद्र तिवारी समेत जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत सैकड़ों कर्मी शामिल रहे।
#nonfollowersviewers #champaran24news #viralreelschallenge #trendingreels #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #fb #nonfollowers