*गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना*
*जनपद बस्ती, 22 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)।* गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया।
रवानगी की प्रक्रिया जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की देखरेख में पूरी कराई गई। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे मतदान प्रक्रिया को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराएं। सभी कार्मिक निर्धारित समय पर अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदान से संबंधित आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए मतदान की निष्पक्षता, पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखी जाए।
उन्होंने पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री एवं आवश्यक अभिलेखों की भली-भांति जांच करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
#Basti #MLCElection #DMbasti
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 22, 2026