*पीईटी-2026 को लेकर DM-SP ने की समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश*
*जनपद बस्ती, 22 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)।* उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में लगे संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य करने को कहा।
*34 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 13 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा*
बैठक में बताया गया कि पीईटी-2026 की लिखित परीक्षा जनपद में 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 34 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। निगरानी के लिए 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 34 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। प्रत्येक पाली में लगभग 13 हजार अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, क्लाक रूम तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर डॉक्टर तैनात करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी तथा पुलिस अधिकारी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कान्त, सीएमओ डॉ. राजीव निगम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#Basti #PET2026 #UPSSSC
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 22, 2026