*दुर्गा पूजा मेला शांतिपूर्ण कराने के लिए प्रशासन अलर्ट, ASP मानसी दहिया ने किया फ्लैग मार्च, SDM ने बताया पार्किंग प्लान*
*जनपद बस्ती।* शारदीय नवरात्रि पर लगने वाले ऐतिहासिक दुर्गा पूजा मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
आज सहायक पुलिस अधीक्षक / क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया के नेतृत्व में कंपनी बाग से लेकर गांधीनगर तक फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान सड़क पर बेतरतीब खड़ी गाड़ियों को हटवाया गया और यातायात बाधित करने वाली गाड़ियों का चालान भी किया गया।
*पार्किंग को लेकर SDM की अपील*
फ्लैग मार्च के बाद एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने नागरिकों से अपील की कि श्रद्धालु अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करें।
1. कंपनी बाग की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए *किसान डिग्री कॉलेज (KDC)* के मैदान में पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है।
2. रोडवेज से गांधीनगर की तरफ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए *राजकीय इंटर कॉलेज (GIC)* के मैदान में पार्किंग की व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि *कंपनी बाग चौराहे से दो पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश शाम 4:00 बजे से मेला समाप्ति तक पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।*
*ठेला व्यवसायियों को निर्देश*
सड़क पर ठेला लगाने वाले व्यवसायियों को सड़क के नीचे व्यवस्थित रूप से ठेला लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाई न हो।
*प्रशासन की जनता से अपील*
एसडीएम सदर प्रमोद कुमार और ASP मानसी दहिया ने संयुक्त रूप से आम जनमानस से अपील की है कि - मेले के दौरान अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करें, यातायात नियमों का पालन करें, किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग कर मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर सीओ सिटी कुलदीप यादव, अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, कोतवाली थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह, यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Basti Police
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 22, 2026