कोटा की फल-सब्जी मंडी में तलवारों का खौफ! आधी रात बदमाशों का आतंक, व्यापारियों को दी काटने और जान से मारने की धमकी
दुकान के बाहर 4-5 युवकों का हंगामा, 15 मिनट तक तलवार लहराकर फैलाते रहे दहशत... अब व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल!
कोटा। शहर की थोक फल-सब्जी मंडी में अब बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम तलवार लेकर व्यापारियों को धमकाने पहुंच रहे हैं। छावनी स्थित एरोड्रम सर्किल की मंडी में आधी रात को ऐसा ही एक मामला सामने आया है। आरोप है कि 4 से 5 युवक तलवार लेकर दुकान पर पहुंचे और व्यापारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए करीब 15 मिनट तक दहशत फैलाते रहे।
मामला कैलाश फ्रूट्स एंड वेजिटेबल कंपनी की दुकान नंबर B-65 का है। दुकान मालिक महेश मीणा ने गुमानपुरा थाने में शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।
हाथ में नंगी तलवार, जुबान पर धमकियां!
शिकायत के अनुसार 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे महेश मीणा अपने मुनीम कोमल मीणा के साथ दुकान पर बैठकर हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी दौरान 4 से 5 युवक दुकान के बाहर आ धमके। आरोप है कि इनमें शाहरुख उर्फ ढिबरी और साबिर उर्फ भूरी भी शामिल थे। एक युवक के हाथ में नंगी तलवार थी।
आरोप है कि युवकों ने दुकान के बाहर से जातिसूचक गालियां दीं और मुनीम को तलवार से काटने की धमकी तक दे डाली। इसके बाद तलवार लहराते हुए करीब 10 से 15 मिनट तक मंडी में दहशत फैलाते रहे। बदमाशों की धमकियों से व्यापारी सहम गए।
रात में मंडी बदमाशों के हवाले? व्यापारियों में आक्रोश
पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि मंडी में कुछ युवक रातभर नशा कर व्यापारियों को धमकाते हैं। रात के समय फल-सब्जी का कारोबार चलता है और बड़ी संख्या में व्यापारी व कर्मचारी मंडी में मौजूद रहते हैं। ऐसे में हथियार लेकर पहुंचने वाले युवकों की हरकत ने व्यापारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
महेश मीणा ने गुमानपुरा थाना पुलिस और प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर की प्रमुख थोक मंडी में अगर व्यापारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो रातभर कारोबार कैसे होगा? क्या पुलिस मंडी में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेगी या व्यापारी इसी तरह बदमाशों के खौफ में काम करने को मजबूर रहेंगे?
Ladpura, Kota | Nov 11, 2026